छत्तीसगढ़ के ‘ट्रैफिक मैन’ महेश मिश्रा को स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति पदक, 18 साल से फैला रहे सड़क सुरक्षा का संदेश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर: कोरिया जिले के ‘ट्रैफिक मैन’ के नाम से मशहूर महेश मिश्रा को उनकी लंबे समय से जारी जनजागरूकता और सेवा कार्यों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में 15 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें यह सम्मान और पदक प्रदान करेंगे। इसके साथ ही उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन भी दिया जाएगा।

18 वर्षों से सड़क सुरक्षा जागरूकता का अभियान
नगर सेना में नायक (लांस नायक) पद पर कार्यरत महेश मिश्रा ने पिछले 18 वर्षों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर विशेष मुहिम चलाई है। उन्होंने अब तक 500 से ज्यादा ट्रैफिक जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनमें चार लाख से अधिक लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों की अहमियत समझाई गई। विद्यालयों और कॉलेजों में अपने निजी खर्च पर अभियान चलाकर मिश्रा ने युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने जरूरतमंद चालकों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए और सड़क के गड्ढों को भरवाने जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

शिक्षा में भी बेहतरीन उपलब्धियां
महेश मिश्रा शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने संस्कृत, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र में गोल्ड मेडल हासिल किया है और वर्तमान में पीएचडी कर रहे हैं। वर्ष 2022 में उनका नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ था।

“यह समाज का सम्मान है”
राष्ट्रपति पदक मिलने पर महेश मिश्रा ने कहा, “यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे कोरिया जिले और समाज का सम्मान है। यह मुझे और अधिक प्रेरणा देगा कि मैं सड़क सुरक्षा अभियान को और आगे बढ़ाऊं।”

पूरे जिले में इस सम्मान की खबर से खुशी की लहर है और लोग उन्हें छत्तीसगढ़ का गर्व बता रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment