रायपुर: केंद्रीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 334 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। इनमें छत्तीसगढ़ की नौ पार्टियां भी शामिल हैं। इन दलों ने वर्ष 2019 से लेकर अब तक पिछले छह वर्षों में कोई भी चुनाव नहीं लड़ा था। हालांकि, आयोग ने इन्हें 30 दिनों के भीतर अपील करने का अवसर दिया है।
निर्वाचन आयोग की कार्रवाई का कारण
ECI ने इस कार्रवाई के लिए विस्तृत जांच अभियान चलाया था, जिसमें निष्क्रिय दलों की पहचान की गई। आयोग का कहना है कि ये दल चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी नहीं कर रहे थे, फिर भी कर छूट जैसी सुविधाओं का लाभ ले रहे थे। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और गंभीर बनाए रखने के उद्देश्य से इन दलों को अयोग्य घोषित कर दिया गया।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस कदम के बाद वर्तमान में देश में केवल छह राष्ट्रीय और 67 क्षेत्रीय दल ही चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रहेंगे। आयोग का मानना है कि यह फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेगा और केवल गंभीर राजनीतिक दल ही इसमें बने रहेंगे।
छत्तीसगढ़ की जिन पार्टियों का रजिस्ट्रेशन रद्द
- छत्तीसगढ़ एकता पार्टी
- छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा
- छत्तीसगढ़ समाजवादी पार्टी
- छत्तीसगढ़ संयुक्त जातीय पार्टी
- छत्तीसगढ़ विकास पार्टी
- पृथक बस्तर राज्य पार्टी
- राष्ट्रीय आदिवासी बहुजन पार्टी
- राष्ट्रीय मानव एकता पार्टी
- राष्ट्रीय समाजवादी स्वाभिमान मंच



