आम जनता पर महंगाई की मार: छत्तीसगढ़ में फिर बढ़े दूध के दाम

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आम जनता की जेब पर असर पड़ा है। राज्य में दूध के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे लोगों को महंगाई का नया झटका लगा है।

राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ ने देवभोग दूध की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। इसके तहत दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। पहले जो देवभोग दूध 57 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, अब वह 59 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा।

इसी तरह गोरस दूध के दाम भी बढ़ गए हैं और अब यह 58 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं, जिससे रोज दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं के मासिक खर्च पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की ओर से डेयरी उत्पादों के दामों में बदलाव का फैसला लिया गया है। इसका असर रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में देखने को मिलेगा।

बताया जा रहा है कि दूध उत्पादन और परिवहन की लागत बढ़ने की वजह से यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले भी कई निजी डेयरी कंपनियों ने अपने दूध के दाम बढ़ा दिए थे।

छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में लोग देवभोग दूध का इस्तेमाल करते हैं, खासकर रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के शहरों में इसकी ज्यादा खपत है। ऐसे में दाम बढ़ने से मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट पर सीधा असर पड़ेगा। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment