देश के तीसरे CDS बने जनरल एनएस राजा सुब्रमणि

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

देश को नया CDS मिल गया है। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने रविवार को देश के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में पदभार संभाल लिया।

दिल्ली के साउथ ब्लॉक लॉन में तीनों सेनाओं की तरफ से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने जनरल अनिल चौहान की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, रक्षा मंत्रालय और सभी संबंधित संस्थान देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि सेना में स्वदेशी हथियारों और उपकरणों के इस्तेमाल को बढ़ाया जाएगा। नई तकनीक और इनोवेशन को अपनाकर सेना की ताकत और मजबूत की जाएगी।

CDS सुब्रमणि के सामने सबसे बड़ा काम थिएटर कमांड मॉडल को लागू करना माना जा रहा है। इससे एक दिन पहले सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी कहा था कि इस व्यवस्था पर काम आगे बढ़ रहा है और इसकी रिपोर्ट रक्षा मंत्रालय को सौंपी जा चुकी है।

अभी इस प्रस्ताव की अलग-अलग स्तरों पर समीक्षा चल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 2 से 3 साल में यह सिस्टम जमीन पर लागू हो सकता है, लेकिन इसमें तीनों सेनाओं के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

फिलहाल भारत में तीनों सेनाओं के कुल 17 अलग-अलग कमांड हैं। अभी तक किसी भी ऑपरेशन में सेना, नौसेना और वायुसेना अलग-अलग कमांड के तहत काम करती हैं, लेकिन आपस में तालमेल बनाकर ऑपरेशन करती हैं।

थिएटर कमांड सिस्टम लागू होने के बाद किसी भी क्षेत्र या मिशन के लिए एक ही कमांडर होगा, जिसके तहत तीनों सेनाएं एक साथ मिलकर काम करेंगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment