भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पूरा होने के बाद संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। इसी कड़ी में भाजपा संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार के मंत्री और छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नेतृत्व परिवर्तन के इस दौर में संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
जेपी नड्डा के कार्यकाल की समाप्ति के बाद भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे समय में नितिन नबीन की नियुक्ति को संगठनात्मक संतुलन और आगामी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नितिन नबीन अपने प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की भूमिका को और प्रभावी बनाएंगे।

इस नियुक्ति की सूचना पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं संगठन महामंत्रियों को दे दी गई है। साथ ही माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) को भी सूचनार्थ अवगत कराया गया है।



