60 रुपए का कैप्सूल 925 में! आयुर्वेदिक दवाओं की खरीद में बड़ा घपला?

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ में सरकारी अस्पतालों के लिए आयुर्वेदिक दवाओं की खरीद को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार के कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा 60 रुपए में खरीदे जा रहे आयुर्वेदिक रसायन कैप्सूल के लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) 925 रुपए चुका रहा है, यानी केंद्र की दर से लगभग 15.4 गुना अधिक।

खरीद में बड़ा अंतर

ईएसआईसी और सीजीएमएससी के रेट कॉन्ट्रैक्ट की तुलना के बाद 91 आयुर्वेदिक दवाओं और सिरपों की दरों में भारी अंतर सामने आया है। कई दवाओं की खरीद केंद्र की तय दर से 6 से 15 गुना तक महंगी पड़ रही है।

11 आयुर्वेदिक दवाओं की खरीदी दरों में अंतर

दवा का नामCGMSC की दर (₹)ESIC की दर (₹)कीमत में अंतर (गुना)
रसायन कैप्सूल9256015.42
यकृत-प्लीहा कैप्सूल3752713.89
मधुमेह कैप्सूल5484013.70
श्वास कैप्सूल5324511.82
हृदय रोग कैप्सूल34031.2510.88
अमातिसार कैप्सूल35537.259.53
कमला कैप्सूल25829.758.67
हृदय रोग टैबलेट26031.258.32
अतिसार कैप्सूल295397.56
अम्लपित्त कैप्सूल28540.507.04
संधिवात कैप्सूल180286.43

तीन साल से पुराने दरों पर खरीद

ईएसआईसी ने 12 अगस्त 2026 को 191 आयुर्वेदिक दवाओं का नया रेट कॉन्ट्रैक्ट जारी किया था, लेकिन छत्तीसगढ़ में पुराने अनुबंध की अवधि बढ़ाकर ऊंची दरों पर खरीदी जारी रखी गई। आरोप है कि नए टेंडर जारी करने के बजाय तीन साल से एक ही कंपनी को एक्सटेंशन दिया जा रहा है।

पड़ताल के अनुसार पिछले तीन साल में करीब 50 करोड़ रुपए की आयुर्वेदिक दवाएं अधिक दरों पर खरीदी गई हैं। यदि केंद्र की मौजूदा दरों पर इतनी ही खरीद होती, तो 55 प्रतिशत से अधिक यानी 27.5 करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत संभव थी।

शिकायत के बाद भी दरें नहीं बदलीं

सूत्रों के अनुसार दर अंतर के दस्तावेजों के साथ सीजीएमएससी के प्रबंध निदेशक और स्वास्थ्य सचिव को शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी दरों में संशोधन नहीं हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि शिकायतों की जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे और टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण अनुबंध की अवधि बढ़ाई गई।

जब केंद्र सरकार की एजेंसी उसी दवा को काफी कम दर पर खरीद सकती है, तो राज्य को अधिक कीमत चुकाने का औचित्य स्पष्ट नहीं है। सीजीएमएससी की वेबसाइट पर आयुष दवाओं के लिए 2026-27 के रेट कॉन्ट्रैक्ट टेंडर भी जारी किए गए हैं, जिससे सवाल उठ रहा है कि पुराने अनुबंध को बार-बार बढ़ाने की प्रक्रिया क्यों अपनाई गई।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment