नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन भारतीय वायुसेना के जवानों ने सेंध झील के ऊपर शानदार एयर शो प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। आकाशगंगा टीम के आठ जवानों ने C-295 विमान से करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई और हवा में संतुलन बनाए रखते हुए सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों ने स्लिथरिंग तकनीक का रोमांचक प्रदर्शन किया, जिसमें रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर से तेजी से जमीन पर उतरा गया। यह तकनीक दुर्गम इलाकों में सैन्य अभियान तथा बाढ़ जैसी आपदाओं में राहत और बचाव कार्यों के लिए उपयोग की जाती है।
राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को सारंग टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने भी आसमान में एक साथ उड़ान भरकर अलग-अलग फॉर्मेशन बनाए थे। रंगीन धुएं के बीच हेलिकॉप्टरों की नजदीकी उड़ान, सटीक तालमेल और एक साथ दिशा बदलने के करतब दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। एयर शो के माध्यम से लोगों को वायुसेना के प्रशिक्षण, तकनीक और कार्यक्षमता से परिचित कराया गया ताकि युवा वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित हों। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
सेंध झील के ऊपर आयोजित दो दिवसीय हवाई प्रदर्शन का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने वायुसेना के जवानों के साहस, अनुशासन और हवाई कौशल का अद्भुत प्रदर्शन देखा।






