चलती बस बनी आग का गोला! ड्राइवर की सूझबूझ से 50 यात्रियों की बची जान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बलौदाबाजार।सोमवार सुबह बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई एक सवारी बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही पलों में बस धधकती आग का गोला बन गई, लेकिन चालक की समझदारी और त्वरित कार्रवाई ने करीब 50 यात्रियों की जिंदगी बचा ली।

जानकारी के मुताबिक, राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह लगभग 8 बजे बलौदाबाजार से रवाना हुई थी। सुबह करीब 9 बजे जब बस भैंसा गांव के पास पहुंची, तभी इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और बिना समय गंवाए सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार दिया।

यात्रियों के नीचे उतरते ही कुछ ही मिनटों में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। बस में सवार लोग इस भयावह मंजर से सहम गए, लेकिन सुरक्षित बाहर निकल आने से राहत की सांस ली।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे और यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क परिवहन में सुरक्षा मानकों और वाहन फिटनेस की जरूरत को रेखांकित किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment