किसान नेता दशरथ लाल सिन्हा का निधन, शोक में आधे दिन रुकी महतारी रथ यात्रा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। किसान नेता और अवैध करणी कृपा प्रा. लि. के खिलाफ चल रहे अखंड धरने के प्रमुख नेतृत्वकर्ता दशरथ लाल सिन्हा के निधन से किसान आंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों में शोक की लहर फैल गई। उनके निधन पर बड़ी संख्या में किसान नेता, आंदोलनकारी और समर्थक उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक सभा के दौरान उपस्थित नेताओं ने दशरथ लाल सिन्हा के संघर्ष और किसानों के हक के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सिन्हा का निधन छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जगेश्वर प्रसाद, अनिल दुबे, जी. पी. चंद्राकर, नंद कुमार साहू, ललाराम वर्मा, छन्नूलाल साहू, अशोक कश्यप, उदय चंद्राकर, बृज बिहारी साहू, धर्मेंद्र यादव, अलख, परसराम साहू और रूपसिंह निषाद सहित सैकड़ों किसान और सत्याग्रही शामिल हुए।

किसान नेताओं ने बताया कि दशरथ लाल सिन्हा के निधन के सम्मान में छत्तीसगढ़ी महतारी रथ यात्रा को आधे दिन के लिए स्थगित रखा गया था। बाद में आज शाम गोधूलि बेला में शाम 6 बजे से रथ यात्रा को पुनः प्रारंभ किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए रथ यात्रा प्रभारी ललाराम वर्मा ने बताया कि दिवंगत किसान नेता को श्रद्धांजलि देने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए यह निर्णय लिया गया था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment