रायपुर में नकली जेवर देकर असली सोना ठगने वाले मां-बेटे यूपी से गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर: राजधानी पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नकली जेवर के जरिए असली सोना ठगने वाले मां-बेटे को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी यूपी के गाजियाबाद निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में महिला सविता सिंह उर्फ सपना उर्फ सप्पो (43 वर्ष) और उसका बेटा इशांत उर्फ अनुज वर्मा (23 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने का ब्रेसलेट, एक सोने की चैन, 82,170 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई वैनगार्ड कार जब्त की है।

ज्वेलरी शॉप बनी निशाना

ठगी की यह घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के सदर बाजार स्थित धाडीवाल ज्वेलर्स की है। बीते 9 सितंबर की शाम महिला नकली सोने का ब्रेसलेट रिपेयर कराने के बहाने दुकान पर पहुंची। दुकानदार ने रिपेयर संभव न होने की बात कही तो महिला ने ब्रेसलेट के बदले असली चैन मांग ली। विश्वास में आकर दुकानदार ने 13 ग्राम 880 मिलीग्राम वजनी चैन (कीमत करीब 1.68 लाख रुपये) महिला को दे दी।

बाद में जांच में सामने आया कि ब्रेसलेट नकली था और महिला चैन लेकर फरार हो गई। ठगी का एहसास होने पर ज्वेलर ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही, दुकान में लगे CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए।

CCTV से मिले सुराग, मां-बेटा चढ़े हत्थे

एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। CCTV फुटेज से पता चला कि महिला के साथ एक युवक और कार भी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बिलासपुर में भी दिया था घटना को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि रायपुर से पहले उन्होंने बिलासपुर के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स में भी नकली ब्रेसलेट के जरिए असली सोना ठगा था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment