रायपुर के बीरगांव क्षेत्र में विकास को नई गति देने की दिशा में शुक्रवार को लगभग ₹55 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू मुख्य रूप से मौजूद रहे। यह कार्यक्रम नगर पालिक निगम बीरगांव के बुधवार बाजार परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य प्रवर्तित योजना के तहत आरटीओ कार्यालय के पीछे रावांभाठा क्षेत्र में लगभग 156.60 लाख रुपये की लागत से बने उद्यान का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही अधोसंरचना मद के अंतर्गत निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली और अन्य निर्माण से जुड़े कुल 88 कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत लगभग ₹584.91 लाख बताई गई है।
इन विकास कार्यों को बीरगांव क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए, ताकि उन्हें पक्के मकान के निर्माण में सहायता मिल सके। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीरगांव छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुविधाओं और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए आज ₹55 करोड़ के कार्यों की शुरुआत की गई है।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में लगभग ₹125 करोड़ के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं आने वाले पांच वर्षों में करीब ₹500 करोड़ के कार्यों का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीरगांव में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ₹104 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है, जबकि अतिरिक्त ₹22 करोड़ की एक और योजना को स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए ₹6 करोड़ की राशि भी स्वीकृत की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में नए कॉलेज और आत्मानंद स्कूल भी शुरू किए गए हैं।
कार्यक्रम में बीरगांव महापौर नंदन लाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद, नेता प्रतिपक्ष ओम प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे |







