छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में एक अवैध गुटखा निर्माण इकाई पर छापा मारा है। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है।
सेंट्रल GST इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में अवैध तरीके से गुटखा तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और फैक्ट्री व गोदाम की जांच शुरू की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फैक्ट्री के अंदर सितार कंपनी का गुटखा तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनों को जब्त कर लिया। इसके अलावा करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया।
GST टीम केवल गुटखा निर्माण की प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि टैक्स रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि गुटखा निर्माण और बिक्री के कारोबार में GST समेत अन्य टैक्स नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
गोदाम में मौजूद दस्तावेजों, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम से गुटखा और मशीनें बरामद की गई हैं, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। GST टीम गोदाम से मिले दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और टैक्स संबंधी विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आएगी।
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर के लिए रवाना हो गई।





