रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का गुस्सा गुरुवार सुबह फूट पड़ा। 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 400 से ज्यादा अभ्यर्थी अपने परिवारजनों और छोटे बच्चों के साथ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नवा रायपुर स्थित बंगले पहुंच गए और वहां घेराव कर धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे; जब तक यह नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने अभ्यर्थियों को बंगला परिसर खाली कराने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं हटे तो कुछ प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर उठाया गया और घसीटते हुए बसों तक ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के समय शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि जब तक नियुक्ति की तारीख तय नहीं होती, वे धरना जारी रखेंगे।
D.Ed अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने घुटनों के बल चलने, कैंडल मार्च, मौन धरना और दंडवत यात्रा जैसे विभिन्न प्रदर्शन भी किए हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने तालाब में जल समाधि लेने की कोशिश भी की थी।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद 2,300 पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है। उनका कहना है कि यह सिर्फ नौकरी की मांग नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और रोजगार का सवाल है।




