रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चर्चित ढेबर परिवार को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार के पास एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम की मांग की। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल की विशेष टीम भी कॉल करने वाले की पहचान पता लगाने में जुटी है।
पुलिस कॉल डिटेल और फोन नंबर की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी भरा फोन आखिर किसने किया था और इसके पीछे कौन लोग हैं।
परिवार से भी ली जा रही जानकारी
जांच के दौरान पुलिस ढेबर परिवार से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस पुराने विवाद और दुश्मनी समेत हाल के घटनाक्रमों को भी जांच के दायरे में रख रही है। इसके अलावा अमन साव की गिरफ्तारी के दौरान अनवर ढेबर से हुई किसी संभावित बातचीत या संपर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। कॉल करने वाला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की गई है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।






