रायपुर।छत्तीसगढ़ के प्रमुख किसान नेता डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर ने इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि रैली में विभिन्न दलों के नेताओं को मुख्य मंच पर स्थान दिया गया, लेकिन छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेताओं को उपेक्षित रखा गया, जो राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. चंद्राकर ने बयान जारी कर कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपनी ही पार्टी के नेताओं को दरकिनार करने की राह पर चल रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जब राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को मंच पर प्रमुखता दी जा रही थी, तो छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ एवं दिग्गज नेताओं को क्यों नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि यह उपेक्षा छत्तीसगढ़ के सवा तीन करोड़ मतदाताओं के प्रति अन्याय है।
किसान नेता ने कहा कि आज के मुख्य मंच पर एससी, एसटी, ओबीसी नेताओं तथा किसान नेताओं को भी दरकिनार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के नेता वोट चोरी की बात कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जनता ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं को चुनावी परीक्षा में नकार दिया है। उन्होंने कहा कि अफवाहों और झूठ के सहारे राजनीति करने वालों पर जनता का विश्वास लगातार कम हो रहा है।
डॉ. चंद्राकर ने कहा कि इंडिया गठबंधन की जमीनी स्थिति खिसक चुकी है और गठबंधन के नेताओं के सामने केवल सत्ता की भूख दिख रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में चुनाव होने हैं और पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर बनी हुई है। उनका दावा था कि इन राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनने की संभावना है।
बयान में डॉ. चंद्राकर ने कांग्रेस पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जमीनी हकीकत से दूर जा रही है। पार्टी में कार्यकर्ताओं की कमी है, जबकि नेताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के कुछ नेता कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने वाले हैं और आज एक ही मंच पर आकर एक-दूसरे की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन जनता इनके दावों से प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता का भरोसा कायम है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का भी बचाव करते हुए कहा कि इससे घुसपैठियों का वोट बैंक समाप्त हो रहा है, जिससे इंडिया गठबंधन के नेताओं में बौखलाहट दिख रही है। डॉ. चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेताओं को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान न मिलना गंभीर मुद्दा है और इस पर पार्टी नेतृत्व को गंभीरता से विचार करना चाहिए।






