छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में एक दंतैल हाथी ने बाइक सवार चाचा-भतीजे पर हमला कर दिया। हमले में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजे ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना सूरजपुर जिले के कल्याणपुर-अखोरा मार्ग पर फुलझर नदी के पास रविवार शाम करीब 5:30 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के निवासी विश्वनाथ अपने भतीजे बलदेव के साथ बाइक से अखोरा गांव में अपनी बहन के घर आए थे। वापसी के दौरान अखोरा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग पर दोनों का सामना कबरा नाम के हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें विश्वनाथ कुचले जाने से मौके पर ही ढेर हो गए। बलदेव भागकर ट्रक के नीचे छिप गया और बाल-बाल बच निकला।
मृतक विश्वनाथ पहाड़ी कोरवा आश्रम में प्यून के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। विभाग मृतक के परिजनों को मुआवजे के लिए प्रकरण तैयार करने की भी तैयारी कर रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कबरा नाम का हाथी लंबे समय से इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है और पहले भी कई लोगों की जान ले चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद समय रहते प्रभावी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।
इस घटना ने हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखे, गांवों को समय पर सतर्क करे और संवेदनशील मार्गों पर प्रभावी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे, ताकि किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।






