BEO कार्यालय में नशे में धुत मिले प्रधान पाठक, तत्काल प्रभाव से निलंबित — शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

शिक्षा विभाग की साख को धूमिल करने वाला एक चौंकाने वाला मामला जिले से सामने आया है। रेवती नवागांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक राजेंद्र सुनहरे को नशे की हालत में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय परिसर में जमीन पर पड़े हुए पाया गया। इस घटना ने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया और अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सुनहरे बीईओ कार्यालय पहुंचे और कुछ देर बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने देखा कि वे नशे में बेसुध होकर जमीन पर पड़े हुए हैं। यह दृश्य देखकर सभी लोग दंग रह गए और तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। मामला सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

सूत्रों के अनुसार, उस समय कार्यालय में कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे। राजेंद्र सुनहरे के अनुचित व्यवहार ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उच्च अधिकारियों ने इसे “अशोभनीय आचरण” और “शिक्षक की मर्यादा के विपरीत” करार देते हुए जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

शिक्षा विभाग के अनुसार, यह घटना न केवल शिक्षक की गरिमा के विपरीत है, बल्कि यह सरकारी सेवा आचरण नियमों का भी खुला उल्लंघन है। इस मामले में आगे जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा है, जिससे विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर नए सिरे से सख्ती की संभावना जताई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment