छत्तीसगढ़ में कोर्ट परिसरों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को बालोद और बेमेतरा जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। संदेश मिलते ही कोर्ट प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने सभी न्यायिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए सर्किट हाउस भेज दिया। वहीं अदालत परिसर में मौजूद वकीलों और अन्य लोगों को भी बाहर निकाल दिया गया।

मौके पर बम स्क्वॉड और पुलिस की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 25 फरवरी को भी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि अब तक की जांच में ये सभी धमकियां अफवाह या फर्जी साबित हुई हैं।

फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लगातार मिल रही इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment