भोपाल।राजधानी के करोंद चौराहे के पास मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आज बड़ी लापरवाही सामने आई। निर्माण कार्य के दौरान मेट्रो का एक पिलर अचानक गिर गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गिरा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार
पिलर गिरने के साथ ही 11 केवी (11000 वोल्ट) की बिजली लाइन भी टूटकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद पूरे क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा को देखते हुए इलाके को घेर लिया गया और लोगों की आवाजाही रोक दी गई। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
बिजली विभाग ने तुरंत इलाके की सप्लाई बंद कर दी, वहीं पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेट्रो निर्माण के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।







