महादेव सट्टा नेटवर्क का सरगना सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, रायपुर CBI कोर्ट में कल पेशी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत ला लिया है। सीबीआई की विशेष टीम मस्कट पहुंची और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से उसे देश में वापस लाई।

अधिकारियों के अनुसार सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसी के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे तलाश कर हिरासत में लिया था। इसके बाद सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई।

भारत पहुंचने के बाद चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाया जाएगा, जहां 2 नवंबर, सोमवार को उसे सीबीआई स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सौरभ चंद्राकर सीबीआई के दो मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र पहले ही दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज की गई है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर शुरू की गई थी। जांच में आरोप है कि महादेव नेटवर्क ने क्रिकेट, फुटबॉल और ताश सहित कई इवेंट्स पर फ्रेंचाइजी पैनल के माध्यम से अवैध सट्टेबाजी संचालित की।

सीबीआई ने इसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है और ओमान सरकार तथा रॉयल ओमान पुलिस के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment