सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ को लेकर अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पहली बार इस मुद्दे पर संघ ने अपना पक्ष रखा है।
RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि भारत का लोकतंत्र काफी मजबूत है और यहां हर विचार, हर आवाज और हर भावना को जगह मिलती है।
नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे CJP को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है, मीडिया स्वतंत्र है और सोशल मीडिया पर लोगों को अपनी बात रखने की पूरी आज़ादी है। ऐसे में नए-नए अभियान और अलग-अलग विचार सामने आना लोकतंत्र का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत की युवा पीढ़ी संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा करती है। देश की संस्थाएं भी मजबूत हैं, इसलिए इस तरह की गतिविधियों को सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए।
बता दें कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक व्यंग्यात्मक अभियान है। इसकी शुरुआत अभिजीत दीपके ने की थी। बेरोजगारी को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद यह अभियान वायरल हो गया और धीरे-धीरे लाखों युवाओं तक पहुंच गया।
RSS की यह प्रतिक्रिया इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि CJP को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में लगातार बहस चल रही है।





