रायपुर।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत राजधानी रायपुर स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता का संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री साय ने स्वयं हेलमेट पहनकर रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ स्कूटी चलाई। यह सियासी और प्रतीकात्मक तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी और जागरूकता सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हम अनमोल मानव जीवन को बचा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय नियमों का सख्ती से पालन करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि उन माताओं की गोद उजड़ने से बचाने का प्रयास है। उन्होंने हेलमेट को अनिवार्य किए जाने की जरूरत पर जोर दिया। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन इसके साथ सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ी है। हेलमेट पहनने से न सिर्फ दुर्घटनाओं में जान बचाई जा सकती है, बल्कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी रोक लगेगी।







