रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर डोंगरगढ़ (राजनांदगांव) पहुंचे। वे यहां आयोजित अखिल भारतीय विश्वगुरु जैनाचार्य विद्यासागर समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं, ग्रामीण रोजगार, कृषि सुधार और अंतरराष्ट्रीय समझौतों पर अहम बयान दिए।
मनरेगा में बड़े बदलाव की तैयारी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मनरेगा को और प्रभावी बनाने के लिए ‘वीबी जी राम जी’ अधिनियम के तहत व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य 125 दिन की रोजगार गारंटी के माध्यम से गांवों को गरीबी से मुक्त कर आत्मनिर्भर बनाना है। यह सुधार देशभर में लागू किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मजबूत होंगे।
मिलावटी कीटनाशकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि मंत्री ने घटिया और नकली कीटनाशकों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत इस पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही नया पेस्टीसाइड एक्ट और सीड एक्ट लाने की तैयारी में है। इसके लिए किसानों और आम जनता से सुझाव भी लिए जा रहे हैं, ताकि खेती को सुरक्षित और लाभकारी बनाया जा सके।
भारत-EU समझौता बताया ऐतिहासिक
भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ भारत वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति का दावा
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि देश की कृषि विकास दर ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रगति हरित क्रांति के दौर से भी तेज़ है। चावल उत्पादन में भारत के पहले स्थान पर पहुंचने को उन्होंने किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।







