TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर अमित शाह को लेकर विवादित टिप्पणी, छत्तीसगढ़ में दर्ज हुई FIR

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा मुश्किलों में घिर गई हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना कैंप थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई प्रार्थी गोपाल सामंतो की शिकायत पर की गई है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ा विरोध

महुआ मोइत्रा की टिप्पणी के बाद प्रदेशभर में विरोध तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे “विपक्ष की दूषित मानसिकता” बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं, बल्कि पूरे देश की गरिमा और राष्ट्रीय चेतना पर हमला है।

साय ने कहा— “गृहमंत्री देश की सुरक्षा और एकता के सर्वोच्च प्रहरी हैं। उन पर की गई अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है और यह गंभीर आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है।”

भाजपा का आरोप– विपक्ष चला रहा टूलकिट एजेंडा

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सहयोगी दल टूलकिट एजेंडे के तहत देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में बिहार में राहुल गांधी की सभा से प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय माता पर अशोभनीय टिप्पणी की गई और अब महुआ मोइत्रा ने ऐसा बयान देकर विपक्ष की मानसिकता उजागर की है।

FIR दर्ज करने सौंपा गया ज्ञापन

इस विवाद के बाद रायपुर में गोपाल सावनेर, गोपाल सामंतो और अंजना गाइन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और मोइत्रा पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे देशद्रोह करार दिया और कहा कि ऐसी टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment