वाराणसी। अखिल भारतीय रेहड़ी पटरी व्यवसाय महासंघ एवं स्ट्रीट वेंडर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक पाण्डेय ने देशभर के स्ट्रीट वेंडर्स के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने मुंबई और महाराष्ट्र में हुए एम.सी.बी. चुनाव में भाजपा की जीत पर बधाई देते हुए राज ठाकरे को कड़ा संदेश दिया।
आलोक पाण्डेय ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में यदि देशवासियों पर जबरन मराठी थोपने की कोशिश की गई तो इसका गंभीर परिणाम होगा।
यह बयान 17 जनवरी 2026 को वाराणसी स्थित कमिश्नरी ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ (स्ट्रीट वेंडर्स एसोसिएशन) द्वारा किया गया, जिसमें “स्वच्छमेव जयते” थीम पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम में नाथ संप्रदाय के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व सांसद अलवर एवं तिजारा विधायक राजस्थान पूज्य महंत बालक नाथ योगी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक पाण्डेय के साथ संगठन के कई पदाधिकारी और देशभर से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिवेशन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुरलीधर सिंह, आशीष कुमार सिंह, राजेश श्रीवास्तव, धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, दीपक राय कान्हा, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, शशांक कुमार श्रीवास्तव, गोपालजी सिंह, ऋतुराज श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, अश्वनी गुप्ता, अविनाश जायसवाल, रमेश कुशवाहा, सिद्धार्थ मिश्रा, विकेश कुमार राय और अंकित सिंह सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।
इसके साथ ही महानगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह और कार्यवाहक अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने किया।
अधिवेशन में स्ट्रीट वेंडर्स से जुड़े अधिकारों, स्वच्छता, रोजगार सुरक्षा और सामाजिक सम्मान जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।



