भाजपा में नई कमान: नितिन नबीन की टीम में किसे मिलेगा मौका?

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दायित्व से मुक्त कर दिया है और अब कमान नितिन नबीन के हाथों में आ चुकी है।

हालांकि नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन दिल्ली से लेकर रायपुर तक बैठकों और रणनीति का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि आगामी तीन वर्षों में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए टीम का गठन किया जाएगा।

 संतुलन, समीकरण और युवा चेहरों पर फोकस

सूत्रों के मुताबिक नई टीम बनाते समय क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक समीकरण और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी के अंदर चर्चा है कि इस बार युवाओं को अधिक अवसर मिल सकता है, ताकि 2028 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।

 छत्तीसगढ़ से कौन रहेंगे दौड़ में?

फिलहाल छत्तीसगढ़ से सरोज पांडेय और लता उसेंडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अजय चंद्राकर, अरुण साव और धरमलाल कौशिक की मौजूदगी है।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय पदेन सदस्य के रूप में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने रहेंगे।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है — क्या सरोज पांडेय और लता उसेंडी अपना पद बरकरार रख पाएंगी या छत्तीसगढ़ से किसी नए चेहरे की एंट्री होगी?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला और ओबीसी वर्ग को साधने की रणनीति के तहत छत्तीसगढ़ से प्रतिनिधित्व बढ़ाया भी जा सकता है।

 नितिन नबीन और छत्तीसगढ़ कनेक्शन

नए अध्यक्ष नितिन नबीन पहले छत्तीसगढ़ के प्रभारी रह चुके हैं। उन्हें राज्य की राजनीतिक और संगठनात्मक बारीकियों की अच्छी समझ है। पद संभालते ही छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचकर उनसे मुलाकात कर चुके हैं। इससे साफ है कि नई टीम में जगह पाने की होड़ शुरू हो चुकी है।

 क्या बदलेगा प्रदेश प्रभारी?

वर्तमान में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश का प्रभार देख रहे हैं। नई राष्ट्रीय टीम के साथ राज्य को नया प्रदेश प्रभारी भी मिल सकता है। यह फैसला आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment