नवरात्रि से पहले रायपुर के दुर्गा पंडाल में लगी आग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

राजधानी रायपुर में नवरात्रि पर्व से ठीक पहले एक दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना फूल चौक के पास स्थित नवीन मार्केट की है, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के लिए पंडाल बनाया जा रहा था। आग की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात मां दुर्गा की प्रतिमा को पंडाल तक लाया जा रहा था। इस दौरान फेस रिवील कार्यक्रम के लिए आतिशबाजी की जा रही थी। आतिशबाजी की चिंगारी पंडाल तक पहुंच गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही समय में धुआं उठने लगा।

आग देखकर मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि कुछ ने दमकल और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आग लगने का कारण आतिशबाजी माना जा रहा है। घटना में पंडाल के थीम-आधारित ढांचे को नुकसान हुआ है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दुर्गा पूजा समिति के सदस्य अब पंडाल की मरम्मत और दोबारा सजावट में जुट गए हैं, ताकि दुर्गोत्सव की तैयारियां पूरी की जा सकें। वहीं, इस घटना के बाद त्योहारों के दौरान पंडालों में आतिशबाजी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत सामने आई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment