रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवांगन एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों की अहम भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि न्याय व्यवस्था पर आज भी जनता का सबसे अधिक भरोसा कायम है। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश और अधिवक्ता मिलकर न्याय प्रणाली की विश्वसनीयता को और मजबूत करें, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजनीति में संविधान और कानून की समझ रखने वाले लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले संसद और विधानसभाओं में बड़ी संख्या में वकील और न्यायिक पृष्ठभूमि के लोग होते थे, लेकिन अब उनकी संख्या कम हो रही है, जो चिंता का विषय है।
अधिवक्ताओं की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने अधिवक्ता संघ की सुविधाओं के विकास के लिए अपनी सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिवक्ता संघ के लीगल क्लीनिक को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए, खासकर राजस्व और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा, महापौर मीनल चौबे, स्टेट बार काउंसिल के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

नव निर्मित कार्यालय का उद्घाटन, कैलेंडर का विमोचन
समारोह के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।






