प्लास्टिक पाइप के बीच छिपा था गांजा! रायपुर में DRI ने 250 किलो की खेप पकड़ी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर हसौद के पास DRI की टीम ने गांजा से भरा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक में प्लास्टिक के प्लंबिंग पाइप की आड़ में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद DRI की टीम ने संदिग्ध ट्रक का पीछा किया और मंदिर हसौद के पास उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 250 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप का इस्तेमाल किया था, ताकि ट्रक में सामान्य सामान होने का शक न हो और उसे दूसरे राज्यों तक आसानी से पहुंचाया जा सके।

DRI ने ट्रक और गांजा जब्त कर लिया है। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

फिलहाल DRI की टीम चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

DRI की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद गांजे की सही मात्रा, आरोपियों की संख्या और पूरे नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment