पुलिया की ढलाई रात में क्यों? इंजीनियर–ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का आरोप!

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत के ग्राम आमागुहान में खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में गंभीर आक्रोश है। लंबे समय से अधूरी पड़ी पुलिया की ढलाई अब रात के अंधेरे में कराए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। ग्राम पंचायत दमकसा के इस निर्माण कार्य में ठेकेदार पर मनमानी करने और ग्रामीणों के विरोध के बावजूद अपनी मर्जी से काम कराने का आरोप है।

ग्रामीणों का कहना है कि दिन में काम रोककर रात के सन्नाटे में ढलाई कराने से निर्माण की गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी निगरानी पर बड़े सवाल खड़े होते हैं। सवाल यह भी है कि ढलाई के दौरान विभाग का तकनीकी अमला मौजूद था या नहीं, और यदि मौजूद था तो रात में यह कार्य किस अनुमति तथा किस प्रक्रिया से कराया जा रहा है।

खनिज न्यास निधि से होने वाले विकास कार्यों में सरकारी राशि खर्च होती है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता और नियमों के पालन की जिम्मेदारी सीधे तौर पर संबंधित विभाग तथा अधिकारियों पर होती है। लेकिन आमागुहान में रात के समय कराए जा रहे निर्माण को देखते हुए ग्रामीणों ने पूछा है कि क्या विभाग के इंजीनियर इस ड्यूटी में शामिल हैं या फिर उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी दिन में दफ्तर संभालते हैं, जबकि निर्माण कार्य रात में निपटाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि ढलाई के समय गुणवत्ता जांच, सामग्री की जांच और तकनीकी मापदंडों की निगरानी कौन कर रहा है। यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप है, तो दिन के उजाले में काम कराने से इतना परहेज क्यों?

दुर्गूकोंदल क्षेत्र में खनिज न्यास निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर यह पहला विवाद नहीं है। पिछले दिनों जागरूक युवा मंच, दुर्गूकोंदल ने टीन शेड और पुलिया निर्माण में कथित घटिया सामग्री तथा तकनीकी मापदंडों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया था। मंच ने विवादित कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी टीम से भौतिक सत्यापन कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी।

कांकेर जिले में डीएमएफ से विकास कार्यों की बड़ी राशि खर्च की जा रही है। जिले के सातों विकासखंडों में इस निधि से करोड़ों रुपये के कार्य संचालित हो रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता की निगरानी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पैसा ठेकेदार की जेब का नहीं, बल्कि जनता का पैसा है। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों को बताना चाहिए कि रात में ढलाई किसकी अनुमति से हो रही है, क्या इसके लिए आवश्यक स्वीकृति ली गई और गुणवत्ता जांच के लिए कौन मौजूद था। अंधेरे में ढलाई कर देने से जवाबदेही भी अंधेरे में नहीं चली जाती।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment