बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के नामांकन का आज आखिरी दिन है। जहां एनडीए (NDA) ने अपने सभी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, वहीं महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी घटक दलों ने अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं और लगभग 60% से अधिक प्रत्याशियों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। इसके विपरीत, महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर मतभेद जारी हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अपने 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है और कई सीटों पर अपने सिंबल भी बांट दिए हैं।
महागठबंधन में अब भी सीट बंटवारे पर खींचतान:
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस और राजद के बीच कई सीटों पर पेंच फंसा हुआ है। इसी वजह से कांग्रेस ने अपने स्तर पर अलग नीति अपनाना शुरू कर दिया है। पार्टी 2020 की तरह इस बार भी करीब 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। वहीं राजद ने कुछ पुराने विधायकों और नए चेहरों को टिकट दिया है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह कुल कितनी सीटों पर लड़ेगी।
वामदल और वीआईपी का भी दावा जारी:
इधर, वामदल के करीब 80% उम्मीदवार नामांकन कर चुके हैं। वहीं, वीआईपी पार्टी डिप्टी सीएम पद की मांग पर अड़ी हुई है और इसके लिए गठबंधन पर दबाव बना रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इंडिया गठबंधन में अब तक जो फॉर्मूला बन रहा है, उसके अनुसार राजद को 136, कांग्रेस को 61, वामदल को 31 और वीआईपी को 15 सीटें मिलने की संभावना है।
तेजस्वी यादव ने किया नामांकन:
महागठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन दाखिल कर दिया है। हालांकि, अंतिम सीट बंटवारे का फार्मूला सामने आने में अभी समय लग सकता है।







