जिला बालोद में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग में तैनात दो बाबुओं को रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाई थी। उसके अनुसार, वाहन चालक पद पर पदस्थापना के बाद जब वह सीनियर ऑफिस में सर्विस बुक सत्यापन और एरियर भुगतान के लिए पहुंचा, तब बाबुओं ने उससे ₹25-25 हजार की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता द्वारा ₹20 हजार रुपए पहले ही अग्रिम में दे दिए गए थे।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी रायपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाते हुए दोनों आरोपियों को ₹15-15 हजार, कुल ₹30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और रिश्वत की राशि सहित संबंधित दस्तावेजों की जब्ती की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग में तैनात अन्य कर्मचारियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। एसीबी की इस सटीक कार्रवाई ने सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश दिया है।






