2.88 करोड़ की संपत्ति और 8 आपराधिक केस: तेज प्रताप यादव के हलफनामे में हुए चौंकाने वाले खुलासे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में नामांकन प्रक्रिया जारी है। इसी बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया है।

नामांकन के साथ दायर हलफनामे में तेज प्रताप यादव ने अपनी कुल संपत्ति, शैक्षिक योग्यता और लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी सार्वजनिक की है, जिससे कई अहम खुलासे सामने आए हैं।

2.88 करोड़ की संपत्ति का विवरण
हलफनामे के मुताबिक, तेज प्रताप यादव के पास कुल 2.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 91.65 लाख रुपये की चल संपत्ति और 1.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
साल 2020 में उन्होंने 1.22 करोड़ की चल और 1.6 करोड़ की अचल संपत्ति घोषित की थी। यानी पिछले पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में मामूली बढ़ोतरी हुई है।

8 आपराधिक मामले दर्ज
तेज प्रताप यादव ने अपने हलफनामे में बताया है कि उन पर कुल आठ आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं 147, 149, 188, 307, 333, 353, 427 और 504 शामिल हैं।
इसके साथ ही उनके खिलाफ SC/ST एक्ट और Epidemic/Disaster Management Act के तहत भी मामले दर्ज हैं। हालांकि, किसी भी केस में उन्हें अब तक दोषी नहीं ठहराया गया है।

पत्नी ऐश्वर्या राय का जिक्र नहीं
हलफनामे में तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय का कोई विवरण नहीं दिया गया है, क्योंकि दोनों का तलाक का मामला वर्तमान में पटना की पारिवारिक अदालत में विचाराधीन है।

शिक्षा और राजनीतिक करियर
तेज प्रताप यादव ने वर्ष 2010 में इंटरमीडिएट परीक्षा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से संबद्ध राममोहन राय सेमिनरी +2 स्कूल से उत्तीर्ण की थी। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
वे वर्ष 2020 तक महुआ सीट से राजद (RJD) के विधायक रहे और बाद में हसनपुर सीट से भी चुनाव लड़े थे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment