छत्तीसगढ़ के तिल्दा इलाके में कांग्रेस ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय मुद्दों को लेकर नाराज़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री टंकराम वर्मा के तिल्दा स्थित निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र ‘पप्पू’ बंजारे ने किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शहर में बाईपास रोड का निर्माण लंबे समय से अधूरा है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इसके साथ ही उन्होंने अवैध जुआ-सट्टा के बढ़ते कारोबार पर भी गंभीर चिंता जताई।
प्रदर्शन की शुरुआत दीनदयाल चौक पर आयोजित एक आमसभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति पर अतिक्रमण, खाली जमीनों पर कब्जा और दबंगई जैसे गंभीर आरोप लगाए।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए मंत्री के बंगले की ओर कूच किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बंगले के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शहर में अवैध गतिविधियों पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस इससे भी बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।







