नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि परिसर में 15 आरडीएक्स से लैस आईईडी लगाए गए हैं और तीन घंटे के भीतर विस्फोट हो सकता है।
धमकी भरा संदेश मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विधानसभा परिसर को खाली कराया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया, जो हर कोने की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
ई-मेल में सिर्फ धमकी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक टिप्पणी भी की गई है। संदेश में चुनाव से पहले ब्राह्मण समुदाय को DMK से दूर रहने की चेतावनी दी गई। साथ ही आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

पुलिस और साइबर सेल अब इस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों या किसी साजिश का हिस्सा माना जा रहा है, लेकिन अधिकारी किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहे।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यह चौथी बार है जब दिल्ली विधानसभा को इस तरह की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



