सौरभ चंद्राकर को 7 दिन की जेल हिरासत!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर:महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद वह 19 नवंबर तक जेल में रहेंगे।

सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें गुरुवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। CBI ने इस दौरान आरोपी की दोबारा पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।

ED की अर्जी खारिज

इसी सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले जारी नॉन-बेलेबल वारंट को निष्पादित कराने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल किया था। हालांकि, अदालत ने ED की इस अर्जी को खारिज कर दिया।

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तुषार गिरी ने बताया कि कोर्ट ने ED के आवेदन को खारिज कर दिया है। वहीं, ED के अधिवक्ता सौरभ कुमार पांडे ने संकेत दिया कि एजेंसी अब मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में PMLA विशेष अदालत में आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन कर सकती है।

अगली सुनवाई 19 नवंबर को

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर लगभग 6,000 करोड़ रुपये के घोटाले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि 19 नवंबर तक निर्धारित की है, जब उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

ED द्वारा दाखिल आवेदन खारिज होने के बाद चंद्राकर फिलहाल न्यायिक हिरासत में रायपुर जेल में रहेंगे। अगली सुनवाई के दौरान मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और ED की संभावित अर्जी पर नजर रखी जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment