विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड: हाजिरी में भाजपा, सवालों की जंग में कांग्रेस आगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायकों की उपस्थिति और प्रश्न पूछने का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। 19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के उपस्थिति रिकॉर्ड के अनुसार 79 कार्यदिवसों में भाजपा के छह विधायकों ने शत-प्रतिशत हाजिरी लगाई, जबकि सवाल पूछने के मामले में विपक्ष सत्ता पक्ष से काफी आगे रहा।

भाजपा की ओर से शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और दिवंगत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पूरे 79 दिन सदन में उपस्थित रहकर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की। वहीं कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा 77-77 दिन सदन पहुंचीं।

उपस्थिति में सबसे कम भाजपा विधायक रेणुका सिंह सरुता रहीं, जिन्होंने 32 दिन सदन में हाजिरी लगाई। कांग्रेस के कवासी लखमा 45 दिन, राजेश मूणत और देवेंद्र यादव 50-50 दिन, भूपेश बघेल 59 दिन तथा अमर अग्रवाल 63 दिन उपस्थित रहे।

सवाल पूछने के मामले में भाजपा विधायक भावना बोहरा सबसे आगे रहीं। उन्होंने 284 सवाल पूछे, जबकि अनुज शर्मा ने 237 सवाल लगाए। धरमलाल कौशिक भी सवाल पूछने में सबसे अधिक सक्रिय विधायकों में शामिल रहे।

फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक विधानसभा के सत्रों में विधायकों ने कुल 12,559 सवाल पूछे। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 और सत्ता पक्ष के विधायकों ने 4,689 सवाल लगाए। इस तरह विपक्ष ने सत्ता पक्ष से 3,181 सवाल अधिक पूछकर सरकार को ज्यादा घेरा।

विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली के अनुसार एक बैठक में किसी विधायक के अधिकतम चार प्रश्न विचारार्थ लिए जाते हैं। इसके बावजूद विपक्ष के विधायकों की प्रश्नों में सक्रियता सत्ता पक्ष से काफी ज्यादा रही।

इस बीच छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें चार बैठकें होंगी। सत्र से पहले विपक्ष और सत्ता पक्ष के विधायकों की सक्रियता को लेकर उपस्थिति और प्रश्नों का यह आंकड़ा चर्चा का विषय बन सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment