सीजीपीएससी की कुर्सी खाली! अधिकारियों की पदोन्नति अटकी; राज्यपाल को पत्र

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) में अध्यक्ष का पद लंबे समय से रिक्त होने से भर्ती, पदोन्नति और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रकरणों के निराकरण में देरी बढ़ रही है। इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल रमेन डेका से आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र करने की मांग की है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा है कि लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। यहां शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति जैसी प्रक्रियाएं संचालित होती हैं। अध्यक्ष पद के रिक्त रहने से आयोग के कामकाज और जरूरी मामलों के निराकरण पर सीधा असर पड़ रहा है।

संघ का कहना है कि पदोन्नति से जुड़े मामले लंबित रहने से पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक एवं अन्य सेवा संबंधी लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। संगठन के अनुसार, आयोग में नेतृत्व के अभाव के कारण भर्ती परीक्षाओं, साक्षात्कारों और पदोन्नति प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब आ रहा है।

कमल वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष का पद लंबे समय तक खाली रहना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि नियुक्ति प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए, ताकि लंबित पदोन्नति एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो सके।

संघ ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए आवश्यक पहल की जाए और लंबित प्रकरणों के निपटारे हेतु जरूरी कदम उठाए जाएं। संगठन का कहना है कि इससे शासकीय सेवाओं में विलंब समाप्त होगा और प्रशासनिक कार्यों में सुचारुता बनी रहेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment