रायपुर।छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का बड़ा ऐलान किया है। समाज की बैठक में तय किया गया कि 15 दिसंबर को राज्य विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 90 विधायकों के आवासों पर नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
बैठक में आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता अरविंद नेताम के साथ भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कई आदिवासी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। समाज की नाराजगी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में तय किया गया कि आंदोलन के पहले चरण में 11 दिसंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्रियों के पुतले दहन किए जाएंगे।
15 दिसंबर को विधानसभा घेराव के जरिए सर्व आदिवासी समाज अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है। समाज का कहना है कि विधायकों के आवासों पर नगाड़ा बजाने का कार्यक्रम उनकी नाराजगी और मांगों को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
बैठक में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े आदिवासी नेताओं की मौजूदगी ने इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अब नजर इस बात पर है कि सरकार समाज की नाराजगी और प्रस्तावित आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाती है।





