बाबा की कथा में बवाल: अमरजीत और बसंत अग्रवाल के समर्थकों के बीच भिड़ंत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कोरबा। शहर में इन दिनों चल रही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा धार्मिक माहौल के लिए जानी जा रही है, लेकिन अब इसकी चर्चा एक अलग वजह से हो रही है। कथा से ज्यादा शहर में भक्तों के बीच हुए विवाद की बातें फैल रही हैं।

दरअसल, सोशल मीडिया पर रील बनाने और बाबा से मुलाकात को लेकर शुरू हुआ छोटा सा विवाद अचानक बढ़कर टकराव में बदल गया। जानकारी के अनुसार, कथा के लिए कोरबा पहुंचे बाबा कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन में ठहरे हुए हैं।

बीती रात विश्व हिंदू परिषद से जुड़े नेता अमरजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ बाबा से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कथित तौर पर जमीन कारोबारी बसंत अग्रवाल के लोगों ने मुलाकात को लेकर आपत्ति जताई और उन्हें रोकने की कोशिश की।

बस फिर क्या था, बातों-बातों में माहौल गर्म हो गया। पहले बहस हुई और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। अब हालात ऐसे हैं कि एक तरफ जहां कथा जारी है, वहीं दूसरी ओर शहरभर में इसी विवाद की चर्चा ज्यादा हो रही है।

इस पूरे मामले पर कटघोरा थाना प्रभारी डीएन तिवारी का कहना है कि उन्हें आपसी विवाद की जानकारी मिली है, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment