जशपुर के जंगल में हाथी की मौत, हसदेव की खनन बहस ने फिर पकड़ा जोर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में एक नर हाथी का शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाथी का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसकी मौत की वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

हाथी की मौत की इस घटना के बीच हसदेव अरण्य में कोयला खनन को लेकर पहले उठती रही वन्यजीवों से जुड़ी चिंताएं भी एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। Wildlife Institute of India (WII) की रिपोर्ट में हसदेव क्षेत्र की जैव-विविधता और हाथियों के प्राकृतिक आवास पर खनन गतिविधियों के संभावित असर को लेकर चिंता जताई गई थी।

WII के आकलन के मुताबिक हसदेव-अरण्य और इसके आसपास के वन क्षेत्र हाथियों की आवाजाही के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि बड़े स्तर पर खनन और उससे जुड़ी सड़क, बिजली व दूसरी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण से जंगलों के बंटने और वन्यजीवों के आवास पर असर पड़ने की संभावना है।

हालांकि, जशपुर में मिले हाथी की मौत किस वजह से हुई, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

हसदेव क्षेत्र में नए कोयला खनन को लेकर पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संगठन लगातार सवाल उठाते रहे हैं। वहीं सरकार और परियोजना से जुड़े पक्षों का कहना है कि खनन परियोजनाओं में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े तय नियमों और शर्तों का पालन किया जाता है।

जशपुर में हाथी की मौत की घटना ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ खनन गतिविधियों के बीच संतुलन को लेकर बहस को सामने ला दिया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment