रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने सुकमा जिले के कोंटा में शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शहीद आकाश राव गिरेपूंजे ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा, “आकाश राव गिरेपूंजे ने अपनी वर्दी और जिम्मेदारियों के साथ सच्चा न्याय किया। उन्होंने यह संदेश दिया कि सबसे पहले देश, फिर परिवार और अंत में स्वयं का स्थान है। उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।”
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने शहीद की पत्नी, बच्चों, माता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पूरा देश और समाज इस वीर परिवार के साथ खड़ा है तथा उन्हें कभी अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है।
सांसद ने महाराष्ट्रीयन तेली समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों का सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, अमर गिदवानी, महाराष्ट्रीयन तेली समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से शहीद वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।







