मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कठोतिया क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सोमवार रात ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान दोनों राहुल केवट के रूप में हुई है। दोनों मनेन्द्रगढ़ के वार्ड नंबर 16 के निवासी थे। एक मृतक बिज्जू केवट का पुत्र था, जबकि दूसरे के पिता स्वर्गीय सुंदरलाल केवट थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के समय ट्रक और बाइक आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच भीषण टक्कर हुई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
दो लोगों की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हादसे में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही समय में ट्रक से आग की लपटें उठने लगीं। इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, फरार चालक की तलाश और आग लगाने की घटना की जांच कर रही है।





