छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में दीपावली की रात सूरजपुर जिले के सोनगरा और बतरा क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर ‘कबरा’ के नाम से जाने जाने वाले एक अकेले हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद इस हाथी के हमलों में मारे गए लोगों की कुल संख्या 16 तक पहुंच गई है।
दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान इस हाथी के हमले से दो परिवारों में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, हाथी पहले सोनगरा के पास श्यामनगर में एक व्यक्ति पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिसके बाद वह लटोरी-बतरा क्षेत्र की ओर बढ़ गया और राई इलाके में एक अन्य व्यक्ति को मार डाला।
इससे पहले पिछले सप्ताह भी इसी हाथी ने सूरजपुर जिले के कल्याणपुर-अखोरा क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था। एक सप्ताह के भीतर इसके हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी की निगरानी ठीक से नहीं हो पा रही और उसकी आवाजाही की जानकारी समय पर लोगों तक नहीं पहुंच रही है। उनकी मांग है कि हाथी की लोकेशन की जानकारी मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए दी जाए, साथ ही इसे जल्द नियंत्रित किया जाए।
अकेले विचरण करने के कारण वन विभाग की टीम को हाथी की सटीक लोकेशन ट्रैक करने में कठिनाई हो रही है। टीम एक इलाके में निगरानी करती रहती है, लेकिन तब तक हाथी दूसरे क्षेत्र में पहुंचकर नई घटना को अंजाम दे देता है।
बताया जा रहा है कि यह हाथी पहली बार सूरजपुर जिले के लटोरी और बतरा क्षेत्र में पहुंचा है। इन इलाकों में हाथियों की आवाजाही सामान्यतः कम होने के कारण ग्रामीण सुरक्षा उपायों और खतरे से बचने के तरीकों को लेकर अपेक्षाकृत कम जागरूक हैं।
लगातार बढ़ रही जनहानि के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कब इस हाथी को नियंत्रित किया जाएगा और सीमावर्ती गांवों के लोगों को इसके खतरे से राहत मिलेगी। ग्रामीण हाथी को ट्रैंक्युलाइज कर रेस्क्यू सेंटर में रखने की मांग कर रहे हैं।






