19 मई को जगदलपुर में होगी बड़ी हाईलेवल बैठक, 4 राज्यों के CM रहेंगे मौजूद

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 मई को जगदलपुर दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरे को बस्तर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस हाईलेवल बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ शामिल होंगे। बैठक में सिर्फ नक्सल ऑपरेशन ही नहीं, बल्कि बस्तर के विकास को लेकर भी बड़ा रोडमैप तैयार होने की संभावना है।

केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को निर्णायक रूप से खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में अब लंबे समय से ‘रेड कॉरिडोर’ के नाम से पहचाने जाने वाले बस्तर को विकास की नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त सुरक्षा अभियान, ड्रोन से निगरानी, रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे विकास कार्यों को तेज करने पर भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि “बस्तर 2.0” के विजन डॉक्यूमेंट को भी इसी बैठक में अंतिम रूप दिया जा सकता है। ऐसे में अब सभी की नजर 19 मई की इस बैठक पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि बस्तर से देश की नई आंतरिक सुरक्षा और विकास नीति की नई शुरुआत हो सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment