छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 4 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अतरमुड़ा स्थित एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
गुरुवार रात सीएसपी, साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध मकान पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 4 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





