बिजली कटते ही थम जाती है सेवा, तारापुर पेट्रोल पंप पर उपभोक्ता हलाकान

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के ग्राम तारापुर स्थित मां दंतेश्वरी फ्यूल्स पेट्रोल पंप में जनरेटर खराब पड़ा है। यहां बिजली जाते ही पेट्रोल-डीजल की बिक्री बंद हो जाती है। ऐसे में ग्राहक बिजली आने का घंटों इंतजार करते हुए परेशान होते रहते हैं। शनिवार को भी ऐसी ही अव्यवस्था देखने को मिली।

शनिवार को बिजली बंद होते ही पेट्रोल पंप की सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। मौके पर मौजूद ग्राहकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, वहीं कई लोग बिना पेट्रोल-डीजल भरवाए ही वापस लौटने को मजबूर हो गए। ग्राहकों के अनुसार बिजली जाते ही पेट्रोल पंप में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लगाया गया जनरेटर चालू नहीं हो सका। जांच करने पर पता चला कि जनरेटर खराब हालत में था। बताया जा रहा है कि जनरेटर में डीजल भी नहीं था, जिसकी वजह से उसे चालू नहीं किया जा सका।

मौके पर मौजूद ग्राहक बुधराम नेताम ने पेट्रोल पंप प्रबंधन से इस बारे में जानकारी ली। इस दौरान ग्राहकों ने बताया कि बिजली गुल होने पर ऐसी परेशानी पहली बार नहीं हुई है, बल्कि अक्सर लोगों को इसी तरह दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। करीब एक घंटे तक बिजली आने का इंतजार करने के बाद कई ग्राहक वापस लौट गए।

पेट्रोल पंप के मैनेजर ने भी माना कि यह समस्या सिर्फ आज की नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी लंबे समय तक बिजली बंद रहती है, तब ऐसी दिक्कत सामने आती है। मैनेजर ने स्वीकार किया कि जनरेटर में तकनीकी खराबी आ गई थी, इसलिए उसे तुरंत चालू नहीं किया जा सका।

ग्राहकों का कहना है कि पेट्रोल पंप संचालक प्रभा शंकर शुक्ला द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। उनका आरोप है कि नियमित देखरेख नहीं होने से जनरेटर बेकार हो चुका है, जिससे बिजली कटौती के दौरान ईंधन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पेट्रोल पंप में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त की जाए, ताकि आगे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशानी न झेलनी पड़े। घटना के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक बिजली आने का इंतजार करते नजर आए, जबकि कई लोग निराश होकर वापस लौट गए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment