पेपर लीक पर फिर बेबस सरकार ! MAHA TET परीक्षा स्थगित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। 28 जून को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) का प्रश्नपत्र परीक्षा से एक दिन पहले लीक हो गया। पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, 27 जून की सुबह करीब 4 बजे गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने सदर इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्धों के पास से मिले प्रश्नपत्रों का मिलान परीक्षा परिषद के अधिकारियों ने किया, जो मूल TET प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते पाए गए।

मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कम से कम तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है।

इस परीक्षा में पूरे महाराष्ट्र से करीब 4.28 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। राज्य के 1,428 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जानी थी। इनमें 2,26,263 ऐसे शिक्षक भी शामिल थे जो पहले से सेवा में हैं और आवश्यक TET योग्यता हासिल करने के लिए परीक्षा देने वाले थे, जबकि शेष अभ्यर्थी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे थे।

गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा में पेपर लीक के बाद परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में MAHA TET का पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।

यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र में TET परीक्षा विवादों में आई हो। साल 2025 में भी कोल्हापुर से TET प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी बार पेपर लीक होने से परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment