ड्यूटी में लापरवाही और स्कूल में शराब पीकर पहुंचने पर तीन शिक्षक सस्पेंड

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बलौदाबाजार। शिक्षा विभाग ने सिमगा विकासखंड के तीन शिक्षकों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। विद्यालय में शराब के नशे में पहुंचने और निर्वाचन ड्यूटी से गायब रहने जैसे गंभीर आरोपों की पुष्टि के बाद तीनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला मोटियारीडीह में पदस्थ प्रधानपाठक उमेश कुमार वर्मा और सहायक शिक्षक संदीप कुमार साहू के खिलाफ यह शिकायत मिली थी कि वे नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और कक्षाओं के दौरान अनुपस्थित रहे। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया गया।

वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला दर्रीपारा केसदा के सहायक शिक्षक मिथलेश कुमार वर्मा को बीएलओ (BLO) निर्वाचन ड्यूटी सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने जिम्मेदारी निभाने में गंभीर लापरवाही बरती। प्रशासन ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार मानते हुए कार्रवाई की।

शिक्षकों की यह हरकत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 9 का स्पष्ट उल्लंघन मानी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल और पलारी निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि स्कूल अनुशासन और चुनावी कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment