भोपाल में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कारोबारी दिलीप गुप्ता के घर और दफ्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। EOW की दो अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब 10 बजे एमपी नगर जोन-2 स्थित ऑफिस और चूना भट्टी स्थित उनके घर पर छापे मारे। टीम वहां मौजूद दस्तावेज, फाइलें और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
दिलीप गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने 10 रुपए के शेयर को 12,972 रुपए में बेचकर निवेशकों से बड़ी रकम वसूली। ऊंचे मुनाफे का लालच देकर कई निवेशकों से उनकी पारिवारिक संपत्तियां भी गिरवी रखवा ली गईं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गुप्ता ने झांसा देकर बैंक लोन लेने पर मजबूर किया और फर्जी कागजात तैयार कर धोखाधड़ी की।
शिकायतकर्ता विनीत जैन और उनकी मां ने बताया कि उन्होंने ICICI बैंक से 2.75 करोड़ और PNB हाउसिंग फाइनेंस से 4.45 करोड़ का लोन लेकर निवेश किया था। पूरी रकम गुप्ता को दे दी, लेकिन वादा किया हुआ फायदा नहीं मिला और बाद में चेक भी बंद बैंक खातों से जारी किए गए।
EOW ने करीब एक महीने पहले गुप्ता और उनकी कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। अब छापेमारी में मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



